collapse
...

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने किया शिलान्यास

धार। मध्यप्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करने जा रहा है। धार जिले में देश का पहला मेडिकल कॉलेज पीपीपी (जन-निजी भागीदारी) मॉडल पर स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह पहल प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। पीपीपी मॉडल के माध्यम से समाज और सरकार मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेंगे।

 

260 करोड़ की लागत, 25 एकड़ भूमि पर बनेगा कॉलेज

धार में बनने वाला मेडिकल कॉलेज स्वामी विवेकानंद शिक्षा धाम फाउंडेशन के सहयोग से 25 एकड़ भूमि पर लगभग 260 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए भूमि एक रुपये की लीज पर उपलब्ध कराई है। यहां एमबीबीएस के साथ-साथ नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स भी संचालित किए जाएंगे।

इससे धार और आसपास के आदिवासी अंचलों के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और स्थानीय युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा।

602443371-1455898152758999-1734822111875430349-n.jpg

जल्द कटनी और पन्ना में भी शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी वर्ष पीपीपी मॉडल पर बैतूल, धार, कटनी और पन्ना में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए अनुबंध किए गए थे। धार और बैतूल में शिलान्यास हो चुका है, जबकि कटनी और पन्ना में भी जल्द भूमि-पूजन किया जाएगा।
आने वाले समय में भिंड, मुरैना, खरगोन, अशोकनगर, गुना, बालाघाट, टीकमगढ़, सीधी और शाजापुर में भी मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी है।

 

स्वास्थ्य क्षेत्र में एमपी की बड़ी उपलब्धियां

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 33 हो चुके हैं। हाल के दो वर्षों में 6 नए शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। सिकल सेल एनीमिया अभियान के तहत करोड़ों लोगों की जांच की जा चुकी है और कई जिलों में अस्पतालों का विस्तार किया जा रहा है।

603749594-1455795179435963-8614397687329675721-n.jpg

नड्डा बोले– मध्यप्रदेश देश को दिशा दे रहा

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि धार में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। मध्यप्रदेश ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचारी सोच के साथ देश का नेतृत्व किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत में इलाज से पहले रोकथाम पर जोर दिया जा रहा है और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हुई हैं।

 

धार को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात

कार्यक्रम के दौरान धार जिले को 626 करोड़ रुपये की लागत वाले 93 विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें स्कूल, छात्रावास, स्टेडियम, सड़कें, स्वास्थ्य केंद्र और गीता भवन जैसे कार्य शामिल हैं। साथ ही इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना और नर्मदा जल से सिंचाई योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।


Share: