
सतना के सिंहपुर क्षेत्र में तूफान का तांडव, 60 घर प्रभावित
सतना जिले के सिंहपुर इलाके में बुधवार शाम आए चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई। उसरार गांव में तेज हवाओं और आंधी ने करीब 60 घरों को प्रभावित कर दिया। कई मकानों की खपरैल उड़ गईं, जबकि कुछ को गंभीर क्षति पहुँची। तूफान की वजह से दर्जनों पेड़ गिर गए और रास्ते अवरुद्ध हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हवाएं तेज होने लगीं और देखते ही देखते घरों की छतें उड़ गईं, पेड़ धराशायी हो गए। इस आपदा के कारण लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई परिवारों को सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा। राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन संपत्ति का नुकसान काफी बड़ा माना जा रहा है।
सिंहपुर के उसरार गांव पहुंचीं राज्यमंत्री, पीड़ितों को दिलाया भरोसा
सतना जिले के सिंहपुर क्षेत्र में आए चक्रवाती तूफान की जानकारी मिलते ही राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी गुरुवार को उसरार गांव पहुँचीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुँचकर नुकसान का प्राथमिक आकलन किया और तुरंत राहत सामग्री जैसे तिरपाल, भोजन और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन के नियमों के तहत आर्थिक सहायता देने की तैयारी की जा रही है।