collapse
...

मीडिया हाउस और अवामी लीग दफ्तरों पर हिंसक हमले

बांग्लादेश में हिंसा का विस्फोट: उस्मान हादी की मौत के बाद न्यूज चैनलों, अखबार दफ्तरों और अवामी लीग कार्यालयों पर हमला

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के विरोधी नेता उस्मान हादी की मौत के बाद हालात तेजी से बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। देश के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मीडिया संस्थानों, राजनीतिक दफ्तरों और सांस्कृतिक संगठनों को निशाना बनाया है।

bangladesh-politics-34231.jpg

मीडिया संस्थानों पर हमला, आगजनी और तोड़फोड़

गुरुवार देर रात उग्र भीड़ ने देश के प्रमुख मीडिया संस्थानों डेली स्टार और प्रोथोम अलो के दफ्तरों में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। आगजनी के दौरान डेली स्टार के कार्यालय में मौजूद करीब 25 पत्रकार कई घंटों तक अंदर फंसे रहे, जिन्हें बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने ढाका स्थित छायानोट सांस्कृतिक भवन पर भी हमला किया और उसे आग के हवाले कर दिया।

अवामी लीग और शेख मुजीबुर्रहमान से जुड़े ठिकाने निशाने पर

हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अवामी लीग के कार्यालयों को आग लगा दी। इसके अलावा देश के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रपिता शेख मुजीबुर्रहमान के आवास में भी तोड़फोड़ की गई। इन घटनाओं ने राजनीतिक तनाव को और गहरा कर दिया है।]

afp-20251215-886m98g-v1-high.jpg

कौन थे उस्मान हादी?

उस्मान हादी जुलाई 2024 में हुए छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे और शेख हसीना सरकार के मुखर आलोचक माने जाते थे।
12 दिसंबर को चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें सिर में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर ले जाया गया, जहां छह दिन बाद उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर सामने आते ही समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया।

“हादी, हादी” के नारों के साथ सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी

हादी की मौत के बाद सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। ढाका विश्वविद्यालय और उसके आसपास के इलाकों में भारी भीड़ जमा हुई। प्रदर्शन के दौरान लोग
“तुम कौन हो, मैं कौन हूं — हादी, हादी”
जैसे नारे लगाते नजर आए। कई स्थानों पर रैलियां हिंसक हो गईं और पुलिस को हालात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

5616.jpg

हिंदू युवक की मॉब लिंचिंग से मचा आक्रोश

इस बीच एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, भालुका इलाके में धर्म का अपमान करने के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मृतक की पहचान दीपू चंद्र दास के रूप में की है। आरोप है कि हत्या के बाद युवक के शव को नग्न कर पेड़ से लटकाया गया और आग लगा दी गई। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उग्र भीड़ धार्मिक नारे लगाती दिख रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, हालात तनावपूर्ण

लगातार हो रही हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कई इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में तनाव बना हुआ है।


Share: