collapse
...

राज्य में आगामी 14 अगस्त को बलराम जयंती और 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किए जाएंगे। इन पर्वों के अवसर पर प्रदेश भर में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें भगवान बलराम और श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों और सामाजिक योगदान को केंद्र में रखा जाएगा।

इन आयोजनों में विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। प्रदेश के कई चिन्हित मंदिरों में भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण पर्व के अंतर्गत सभी स्थानों पर कार्यक्रमों की रूपरेखा को व्यवस्थित और अंतिम रूप दिया जाए। यह समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित की गई थी।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि प्रदेश के उन स्थानों पर विशेष कार्यक्रम होंगे, जो भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े रहे हैं। इनमें उज्जैन का सांदीपनि आश्रम, नारायणा धाम, अमझेरा, जामगढ़ और जानापाव प्रमुख हैं।

मुख्यमंत्री निवास में भी होगा विशेष आयोजन

भोपाल में एक विशेष आयोजन के अंतर्गत राज्य के विभिन्न जिलों से आए बाल कलाकार भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में मंच साझा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री निवास में भी जन्माष्टमी पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें संस्कृति और पर्यटन विभाग से जुड़े कलाकार भाग लेंगे।

इस बैठक में जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, मुख्यमंत्री के सचिव व पर्यटन विकास निगम के निदेशक इलैया राजा टी, मुख्यमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार श्रीराम तिवारी, और संस्कृति संचालक एमपी नामदेव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Share: