इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें भारत से बाहर टी-20 वर्ल्ड कप के मैच शिफ्ट करने की अपील की गई थी। ICC ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश को अपने सभी ग्रुप मुकाबले भारत में ही खेलने होंगे, अन्यथा उसे अंक गंवाने पड़ सकते हैं।

सुरक्षा कारणों का हवाला देकर की थी मांग
BCB ने भारत में खेलने से इनकार करते हुए सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया था। यह विवाद तब गहराया जब बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया गया। इसके बाद बांग्लादेश बोर्ड ने ICC से अनुरोध किया था कि उनके वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं।
ICC का सख्त रुख
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC अध्यक्ष जय शाह और अन्य अधिकारियों ने मुंबई में इस मुद्दे पर पहले BCCI और फिर BCB के अधिकारियों से बातचीत की। बैठक के बाद ICC ने दो टूक कहा कि
वर्ल्ड कप शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होगा
बांग्लादेश को तय वेन्यू पर ही खेलना होगा
मैच नहीं खेलने पर टीम को पॉइंट्स का नुकसान होगा
मुस्तफिजुर विवाद से बढ़ी तल्खी
IPL 2025 के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को बड़ी रकम में खरीदा था। लेकिन बाद में भारत में विरोध के चलते BCCI ने उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दी और KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश में IPL प्रसारण पर भी रोक लगा दी गई।

ग्रुप-C में बांग्लादेश, भारत में तय हैं मैच
टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-C में रखा गया है।
7 फरवरी: वेस्टइंडीज
9 फरवरी: इटली
14 फरवरी: इंग्लैंड
(तीनों मैच – ईडन गार्डन्स, कोलकाता)17 फरवरी: नेपाल (मुंबई)
पाकिस्तान को मिली छूट, बांग्लादेश को नहीं
जहां पाकिस्तान पहले ही अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करा चुका है, वहीं बांग्लादेश को ICC से कोई राहत नहीं मिली। भारत-पाकिस्तान मुकाबला भी श्रीलंका में खेला जाएगा, लेकिन बांग्लादेश को भारत में ही उतरना होगा।